मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मसूरी राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुलड़ी मसूरी में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। जिसके मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मसूरी के सभासद अमित भट्ट. विद्यालय व प्रधानाचार्य डॉक्टर मनोज रयाल ने मां शारदा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शिविर का शुभारंभ किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में सर्वप्रथम एनएसएस की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। जिसमें छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना तथा उत्तराखंड के लोक नृत्य भी प्रस्तुत किये। इस मौके पर मुख्य अतिथि पालिका सभासद अमित भटट ने सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया व कहा कि हम सभी को देश की सेवा हेतु सदैव तत्पर रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए तथा किसी न किसी रूप में समाज की सेवा का भाव जागृत करना चाहिए जो ऐसे शिविरों से आता है। इस मौके पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रधानाचार्य डा. मनोज रयाल ने कहा कि हम आज के नागरिक की दृष्टि से अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करने के लिए इस विशेष शिविर में उपस्थित हुए हैं। कहा कि सभी आज के नागरिक हैं इस दृष्टि से समाज के अंदर व्याप्त कुरीतियों तथा अंधविश्वासों की प्रति समाज को जागरण करने का कार्य सभी युवा साथियों को करना ही है इस दृष्टि से यह विशेष शिविर स्वयं सेवकों के लिए बहुत उपयोगी है। कार्यक्रम प्रभारी राकेश भट्ट ने शांति मन्त्र द्वारा कार्यक्रम समापन किया गया। कार्यक्रम के बाद व्यवस्था की दृष्टि से छात्र-छात्राओं को समूह में बांटा गया. और आगामी कार्ययोजना की रुपरेखा हेतु बैठक की। इस मौके पर विद्यालय एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राकेश भट्ट व सह प्रभारी राजेश राणा, दुर्गा नयाल तथा विद्यालय के समस्त अध्यापक अध्यापिका उपस्थित रहे।
