मसूरी। मालरोड से पटरी हटाये जाने व विस्थापन सूची से नाम काटे जाने के विरोध में शहीद स्थल पर अनिश्चित कालीन धरना दे रहे पटरी वालों के साथ पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बातचीत की जिसमें कुछ सुझाव रखे गये व उस पर पालिकाध्यक्ष की सहमति होने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि विगत 13 दिनों से शहीद स्थल पर धरना दे रहे पटरी व्यापारियों के साथ वार्ता की गयी जिसमें दोनों पक्षों के मध्य सहमति बनी कि मालरोड पर कोई पटरी नहीं लगायेगा। आगामी समय में होने वाली टीवीसी की बैठक में धरने पर बैठे सभी पटरी वालों को बैठक में शामिल किए जायेंगे जिनके नाम पूर्व की सूची में शामिल नहीं हो पाये थे। बैठक में जो पात्र पाया जायेगा उनके संबंध में नियमानुसार निर्णय लिया जायेगा तथा अपात्र पाये जाने वाले पटरी वालों को स्थाई सूची से बाहर कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि वार्ता शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसके बाद धरना स्थगित किया गया। इस मौके पर रेहडी पटरी कमजोर वर्ग समिति के अध्यक्ष राम किशन राही ने बताया कि वार्ता के दौरान जो बाते रखी गयी उस पर सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया व संतोष जनक होने पर धरना स्थगित कर दिया गया है। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, सभासद विशाल खरोला, समिति के अध्यक्ष राम किशन राही, महामंत्री गोविंद नौटियाल, साजिद, सरोज, मनीषा, राजेश्वरी, कोमल, गीता शर्मा, विमला, शांति देवी सहित पटरी व्यापारी मौजूद रहे।
