मसूरी। अगलाड़-यमुना घाटी विकास मंच ने मसूरी कैंपटी रोड पर जीरो प्वाइंट में बूढ़ी दीपावली बग्वाल का आयोजन किया। जिसमें ढोल दमाउ की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में आयी महिलाओं व पुरूषों ने जमकर अपनी लोक संस्कृति के नृत्य किए जिसमें तांदी, रासों, जैंता, सराई आदि प्रमुख थे। इस मौके पर मौजूद पर्यटकों ने भी बग्वाल में नृत्य कर आनंद लिया व यहां की लोक संस्कृति की सराहना की।

पर्यटन नगरी मसूरी में अगलाड यमुना घाटी विकास मंच के तत्वाधान में बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) पारंपरिक तरीके से मनाई गई। हालांकि मुख्य बूढी दीपावली आगामी 20 नंवबंर से शुरू होगी लेकिन जो इस क्षेत्र के लोग मसूरी में रहते है उनकी संस्था ने यह पर्व मनाया ताकि बाद में वे अपने गांव जा सके। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में आयी व पुरूषों के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक समृद्धि के लोक नृत्य ढोल-दमाऊ के साथ किए गये जिसमें रासो, तांदी और जैंता.सराई नृत्य को दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं पर्यटकों ने भी यहां की लोक संस्कृति के आयोजन का पूरा आनंद लिया व लोगों के साथ नृत्य किया। कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी व पालिकाध्क्ष मीरा सकलानी ने भी जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम में अलाव जलाया गया व डिमसा की पूजा अर्चना की गयी व उसके बाद मौजूद सभी लोगों ने होल्डे को आग लगा कर खेला व नृत्य किया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर नृत्य कर लोगों को बग्वाल की शुभकामनाएं दी व कह कि लोक संस्कृति को जीवंत रखने के लिए रवांई-जौनपुर और जौनसार का बड़ा योगदान है। उन्हांने कहा युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से हमेशा जुड़ा रहना चाहिए। इस मौके पर भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने कहा कि हमारे लोक पर्व अपनी संस्कृति से जुडे रहने का संदेश देते है, इस मौके पर पर्व जो लोग बाहर रहते है वह भी खिंचे चले आते हैं, यह पर्व नई पीढी के लिए भी सीखने के लिए है कि किस तरह से हम अपने पर्वों को अपनी संस्कृति, से जोड़ कर मनाते हैं। अतं में भीरुड़ी अखरोट. चूड़ा वितरण, रस्साकशी का आयोजन हुआ। लोक नृत्य देखने के लिए काफी पर्यटक भी पहुंचे। इस दौरान पर्यटकों ने भी जमकर नृत्य किया। मंच के महामंत्री प्रकाश राणा ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ों रखने के लिए मंच की ओर से हर साल आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर राजेन्द्र रावत, गोकुल नौटियाल, प्रकाश राणा, सूरज सिंह रावत, रमेश खंडूरी, रणवीर कंडारी, दिनेश पंवार, लक्ष्मी उनियाल अनीता धनाई. सूरत सिंह रावत खरकाई. जयश्री बिष्ट, शैलेंद्र बिष्ट आशुतोष कोठारी, वीरेन्द्र राणा, शोभन सिंह., गोविंद नौटियाल. सरिता रावत. पालिका सभासद विशाल खारोला. रुचिता गुप्ता. सचिन. शिवानी भारती, गौरी थपलियाल सहित बड़ी संख्या में जौनपुर .जौनसार .रवांई के लोग मौजूद रहे।
