लाइब्रेरी मालरोड पर पुश्ता ढहने से मालरोड का हिस्सा गिरा

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। लाइब्रेरी क्षेत्र में पदमिनी निवास होटल के गेट के समीप पुश्ता ढहने से मालरोड का एक हिस्सा गिर गया वहीं विद्युत पोल को खतरा पैदा हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी व अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
मालरोड लाइब्रेरी क्षेत्र में एक प्राइवेट संपत्ति का पुश्ता ढहने से मालरोड का एक हिस्सा गिर गया व एक विद्युत एंटीक पोल भी गिरने वाला है वहीं पदमिनी होटल के गेट को भी खतरा पैदा हो गया है। पुश्ता गिरने से मालरोड को हुई क्षति की सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी व अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नुकसान हो रहा है इसी कड़ी में मालरोड पर पदमिनी निवास होटल के समीप सुरक्षा दीवार व मार्ग टूट गया है। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने अधिकारियों को इस संबंध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राइवेट संपत्ति पर कार्य को लेकर पहले भी

नोटिस दिया गया है व अब संपत्ति स्वामी पर जुर्माना लगाने के लिए नोटिस जारी करेगी। वहीं लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि मालरोड के नीचे एक प्राइवेट संपत्ति का पुश्ता गिरने के कारण मालरोड का एक हिस्सा भी गिर गया है। इस पर संपत्ति स्वामी को शीघ्र नोटिस दिया जायेगा ताकि पुश्ते का निर्माण किया जा सके। उन्होंने बताया कि पुश्ता प्राइवेट होने के कारण इसे विभाग नहीं बनायेगा यह संपति स्वामी की जिम्मेदारी है।